संदिग्ध डीएपी खाद से भरा ट्रक जब्त, इफको के नाम के 470 बैग बरामद
संदिग्ध डीएपी खाद से भरा ट्रक जब्त, इफको के नाम के 470 बैग बरामद
गुजरात से लाई गई थी खाद की खेप, प्रयोगशाला जांच के लिए लिए नमूने; चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू
जसरासर। कृषि विभाग ने जसरासर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध डीएपी खाद से भरा एक ट्रक जब्त किया है। ट्रक में इफको कंपनी के नाम से भरे 470 बैग डीएपी खाद बरामद हुए हैं। खाद की गुणवत्ता और असलियत पर संदेह होने के चलते विभाग ने नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।
कृषि विभाग के सहायक निदेशक (मुख्यालय) सुरेंद्र मारू ने बताया कि ट्रक चालक शिवराज भादू निवासी जेगला गोगलियां से पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि वह डीएपी खाद की खेप गुजरात से लेकर आया था। यह खेप भोजेरा निवासी सीताराम ज्ञानी की ओर से भेजी गई थी।
सुरेंद्र मारू के अनुसार, मामले में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985, आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। चालक के खिलाफ जामसर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है।
जब्त किए गए 470 बैग डीएपी खाद को सुरक्षित रखने के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति के सुपुर्द किया गया है। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान नोखा के सहायक निदेशक राजूराम डोगीवाल सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ