कोडमदेसर भैरवनाथ मंदिर परिसर में भैरव उद्यान में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कोडमदेसर भैरवनाथ मंदिर परिसर में भैरव उद्यान में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
धार्मिक स्थलों को हरियाली व पर्यावरण संरक्षण से जोडऩा पीढिय़ों के लिए लाभदायी : श्री सरजूदास जी महाराज
बीकानेर। कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी द्वारा कोडमदेसर भैरुनाथ परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण का अभियान निरन्तर जारी है। कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि श्री कोडमदेसर भैरवनाथ जी सरोवर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण अभियान के प्रथम चरण में सरोवर की सफाई, खुदाई एवं जीर्णोद्धार का कार्य जनसहयोग से तेजी से आगे बढ़ाया गया। सामूहिक प्रयासों से मात्र 30 दिनों में प्रथम चरण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया गया। इसके बाद अभियान के दूसरे चरण के रूप में भैरव उद्यान के विकास का कार्य प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत 9 अगस्त 2026, रविवार को राष्ट्रीय संत श्री सरजूदासजी महाराज के सान्निध्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खास बात यह रही कि वृक्षारोपण के साथ ही बारिश की फुहारों ने इस आयोजन को मंगलमय बना दिया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर श्री सरजूदास जी महाराज ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति का शृंगार नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। धार्मिक स्थलों के विकास के साथ हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को जोडऩा हमारी संस्कृति, प्रकृति और आने वाली पीढिय़ों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। कार्यक्रम में उपस्थित भैरव भक्तों एवं मातृशक्ति ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए भैरव उद्यान को हरा-भरा और सुंदर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य, कम्युनिटी वेलफेयर सोसायटी के संरक्षक राजकुमार किराडू, बीकानेर ईंट भट्टा संघ अध्यक्ष नारायण गहलोत, पूर्व माइंस एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश काकड़ा, चंद्रमोहन जोशी, श्याम चौधरी, आशुतोष भाटी, एसआई सुभाष यादव, नवदीप बीकानेरी, कवि शिव दाधीच, समाजसेवी ओमप्रकाश पंवार, नंदलाल गहलोत, राधाकिशन गहलोत, हुकमचंद कच्छावा, प्रेमकुमार गहलोत, अनंत श्रीमाली, पन्नालाल सोलंकी, भगवानाराम गहलोत, नंदकिशोर गहलोत, रोहन मोदी, जयप्रकाश, सोमराज बिश्नोई, भीमराज सेवग, बालाजी स्वामी, ज्योति पंवार, गगा सांखला, तुलसी पंवार एवं रेखा सोलंकी सहित अनेक भैरव भक्त उपस्थित रहे।
एक पौधा बाबा भैरवनाथ के नाम : 10 हजार से अधिक लगेंगे पेड़
अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि भैरव उद्यान में चरणबद्ध रूप से हरियाली विकास, वृक्षारोपण, सुंदर पाथवे, श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के अनुरूप विभिन्न सौंदर्यकरण कार्य किए जा रहे हैं। अध्यक्ष भाटी ने बताया कि 'एक पौधा बाबा भैरवनाथ के नाम' अभियान चलाकर करीब 10 हजार से अधिक पेड़ लगाए जाएंगे। संस्था का उद्देश्य है कि आने वाले समय में श्री कोडमदेसर भैरवनाथ मंदिर परिसर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, हरियाली विकास एवं आध्यात्मिक पर्यटन का प्रेरणादायी केंद्र बने।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ