बीकानेर मंडल के इस रेलखंड का सफल स्पीड ट्रायल हुआ, अब इतने किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से दौड़ सकेगी ट्रेनें
बीकानेर मंडल के इस रेलखंड का सफल स्पीड ट्रायल हुआ, अब इतने किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से दौड़ सकेगी ट्रेनें
बीकानेर। बीकानेर रेल मंडल के सादुलपुर - दूधवा खारा नव दोहरी कृत रेलखंड पर अब रफ्तार का नया दौर शुरू होने जा रहा है। रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिमी परिमंडल) ई. श्रीनिवास द्वारा किए गए गहन निरीक्षण और सफल स्पीड ट्रायल के बाद इस रेलखंड पर 100 किमी प्रति घंटे की गति से ट्रेन संचालन की अनुमति मिल गई है। यह उपलब्धि न केवल रेलवे के लिए, बल्कि यात्रियों के लिए भी बड़ी राहत और सुविधा लेकर आई है। मंगलवार को हुए यात्री -परिवहन पूर्व निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के साथ डोकवा से सादुलपुर तक ट्रैक का बारीकी से अवलोकन किया।
स्वचालित मोटर ट्रॉली से किए गए इस निरीक्षण में ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग सिस्टम, दूरसंचार व्यवस्था, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) और संरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की गई। इसके बाद सादुलपुर से दूधवा खारा तक विशेष निरीक्षण यान से स्पीड ट्रायल किया गया, जिसमें 121 किमी प्रति घंटे की गति से सफल परीक्षण हुआ। ट्रायल की सफलता के बाद इस रेलखंड पर 100 किमी प्रति घंटे की गति से ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दे दी गई। इस उपलब्धि से स्थानीय लोगों और रेल अधिकारियों में उत्साह का माहौल है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहले रतनगढ़ से दूधवा खारा तक 71 किमी रेलमार्ग दोहरी कृत था, लेकिन अब दूधवा खारा से सादुलपुर तक 29 किमी के नए दोहरीकरण के जुड़ने से पूरा सेक्शन अधिक सक्षम हो गया है। इससे ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी और समय की बचत भी होगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ