बीकानेर: आज अंतिम दिन, रात 11.59 बजे बंद हो जाएगा पोर्टल
बीकानेर। पांचवीं और आठवीं बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के बीच प्रदेश के 20,210 विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन अब तक नहीं भरे गए हैं। हैरानी की बात यह है कि आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है और अंतिम तिथि भी बढ़ाई जा चुकी है, इसके बावजूद 1,153 स्कूलों में हजारों विद्यार्थियों के फॉर्म अधूरे हैं। अब इन स्कूलों के संस्था प्रधानों के पास आवेदन करने के लिए केवल आज का दिन शेष है। 31 अक्टूबर की रात 11:59 बजे ऑनलाइन पोर्टल बंद हो जाएगा। पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं राजस्थान, बीकानेर ने आवेदन से वंचित विद्यार्थियों की स्कूलवार सूची जारी कर दी है। इसमें 405 स्कूलों के 5,697 आठवीं कक्षा और 748 स्कूलों के 14,513 पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के आवेदन बाकी हैं। निर्धारित समय में आवेदन नहीं होने पर संबंधित संस्था प्रधानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो आठवीं की तुलना में पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के आवेदन अधिक संख्या में लंबित हैं। पांचवीं के 748 स्कूलों में 14,513 और आठवीं के 405 स्कूलों में 5,697 विद्यार्थियों के फॉर्म भरे जाने शेष हैं। पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं कार्यालय ने पहले आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर रखी थी। बाद में इसे बढ़ाकर 31 अक्टूबर किया गया। पांचवीं कक्षा में करीब 13.49 लाख और आठवीं कक्षा में करीब 13.04 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। प्रदेश की सूची में बीकानेर जिले के करीब 35 स्कूल शामिल हैं। इनमें 425 विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन लंबित हैं। पांचवीं कक्षा के 350 और आठवीं कक्षा के 75 विद्यार्थी अब तक आवेदन से वंचित हैं। ऐसे में जिले के संबंधित स्कूलों के संस्था प्रधानों के सामने अंतिम दिन सभी आवेदन पूरे करने की चुनौती है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ