खुशखबरी: बीकानेर में इन विकास कार्यों को मिली मंजूरी, होंगे 16 करोड़ के 14 काम
खुशखबरी: बीकानेर में इन विकास कार्यों को मिली मंजूरी, होंगे 16 करोड़ के 14 काम
बीकानेर। शहर के खेल ढांचे, सांस्कृतिक धरोहर, पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को नया विस्तार मिलने जा रहा है। सरकार से वित्तीय वर्ष, 26-27 के तहत जिले के लिए कुल 16 करोड़ 95 लाख रुपये के 14 विकास कार्यों को प्रशासनिक व तकनीकी मंजूरी दे दी है। इसमें से 8.75 करोड़ रुपये योजना मद से तथा 8.20 करोड़ रुपये कन्वर्जेंस (बीडीए, सीएसआर व अन्य मद) से जुटाए जाएंगे। योजना के कुल बजट का 80 फीसदी से अधिक हिस्सा यानी 14.05 करोड़ रुपये अकेले बीकानेर शहरी क्षेत्र के कायाकल्प पर खर्च होगा, जिसके अधिकांश कार्यों का जिम्मा बीकानेर विकास प्राधिकरण को सौंपा गया है। शहरी क्षेत्र में स्वीकृत प्रमुख परियोजनाओं में गजल सम्राट की स्मृति में बनने वाला जगजीत सिंह मेमोरियल म्यूजियम सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है जिस पर 5 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसका निर्माण बीडीए करेगा। इसके अलावा बीडीए की ओर से डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार करते हुए डेढ़ करोड़ की लागत से सिंथेटिक ट्रैक, एक करोड़ से दो लॉन टेनिस ग्राउंड, 80 लाख की लागत से तीरंदाजी खेल मैदान, उपकरण व अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए एक करोड़ की लागत से जूनागढ़ परकोटे के बाहर सड़क व लाइट कार्य, 50 लाख की लागत से हाईवे पर साइनेज/होर्डिंग व टीएएफ बूथ गुमटी (पर्यटक सहायता केंद्र), डेढ़ करोड़ खर्च कर सर्किट हाउस में नए कमरों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जोहड़बीड़ गिद्ध संरक्षण एवं इको-टूरिज्म पर 65 लाख, एसपी मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में विद्युतीकरण पर एक करोड़, पवनपुरी में बौद्धिक दिव्यांग पुनर्वास गृह सेवा आश्रम के नवीनीकरण पर 75 लाख, पीजी हॉस्टल सीवरेज को आरयूआईडीपी की मुख्य लाइन से जोड़ने पर 35 लाख 35.00 लाख रुपए खर्च होंगे। ग्रामीण विकास विभाग ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजनांतर्गत इन कार्यों की प्रशासनिक व तकनीकी मंजूरी दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ