CHC में प्रसूता की मौत से मचा हड़कंप, चिकित्सक के अभाव में उपचार नहीं मिलने का आरोप
CHC में प्रसूता की मौत से मचा हड़कंप, चिकित्सक के अभाव में उपचार नहीं मिलने का आरोप
महाजन। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चिकित्सक की अनुपलब्धता के बीच एक प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जिम्मेदार स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, महाजन निवासी गजानंद की पुत्री कोमल को शनिवार दोपहर प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया था। यहां प्रसव के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आक्रोशित परिजन जिम्मेदार अस्पताल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए और शव उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के प्रमुख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की अनुपलब्धता के बीच प्रसूता की मौत ने स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने अस्पताल में स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति के साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ