पुलिस होगी और हाईटेक:आधुनिकीकरण के लिए इतने करोड़ रुपए मंजूर, ड्रोन, जैमर और स्पेशल वाहन खरीदे जाएंगे
पुलिस होगी और हाईटेक:आधुनिकीकरण के लिए इतने करोड़ रुपए मंजूर, ड्रोन, जैमर और स्पेशल वाहन खरीदे जाएंगे
बीकानेर। राजस्थान पुलिस को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस करने के लिए राज्य सरकार ने 96 करोड़ 82 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की है। पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह राशि खर्च करेंगी। इसका उद्देश्य पुलिस की निगरानी क्षमता, विशेष अभियानों और प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करना है। इसमें केंद्र सरकार का हिस्सा 58 करोड़ 9 लाख 23 हजार रुपए और राज्य सरकार का हिस्सा 38 करोड़ 78 लाख 82 हजार रुपए है। इस बजट के तहत एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बजट घोषणा 2026-27 के बिंदु संख्या 149.04.00 के तहत इन एजेंसियों के लिए कार्यालय, विशेष वाहन और आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।
पुलिस को 20 स्पेशल पर्पज व्हीकल उपलब्ध कराए जाएंगे। इनकी खरीद पर 2.60 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा 6 करोड़ रुपए की लागत से 20 बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वायड) वैन खरीदी जाएंगी। इन वैन को K9 डॉग यूनिट के साथ तैयार किया जाएगा। इससे बम निरोधक दस्ते को तलाशी अभियान और संदिग्ध वस्तुओं की जांच में मदद मिलेगी। पुलिस की तकनीकी निगरानी क्षमता बढ़ाने के लिए 7 आधुनिक ड्रोन खरीदे जाएंगे। इन पर 2.10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं, संवेदनशील गतिविधियों और विशेष अभियानों में इस्तेमाल के लिए 1.25 करोड़ रुपए की लागत से एक पोर्टेबल जैमर खरीदा जाएगा। इसके अलावा संदिग्ध सामान की जांच के लिए 5 बैगेज स्कैनर भी खरीदे जाएंगे, जिन पर 1.40 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ