पुलिस ने कृषि भूमि के सौदे लाखों रुपये लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं करने व रकम हड़पने के आरोप में 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने कृषि भूमि के सौदे लाखों रुपये लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं करने व रकम हड़पने के आरोप में 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
बीकानेर। सदर थाना पुलिस ने कृषि भूमि के सौदे में 80.32 लाख रुपये लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं करने और रकम हड़पने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार झुंझुनूं जिले के पिलानी निवासी रणवीर सिंह पुत्र बजरंगलाल जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसने अपने साथियों सुनील कुमार और रवि कुमार के साथ मिलकर गजनेर तहसील के ग्राम 3 पीबीएम स्थित विभिन्न मुरब्बों में कुल 104 बीघा खातेदारी कृषि भूमि खरीदने का इकरारनामा 26 फरवरी को किया था। यह भूमि संदीप कुमार, कपिल कुमार, धनपत, निर्मला, दीदार सिंह तथा जसवंत सिंह की थी। सौदा प्रति बीघा 3.52 लाख रुपये के हिसाब से कुल तीन करोड़ 66 लाख आठ हजार रुपये में तय हुआ।
रिपोर्ट में बताया गया कि इकरारनामे के समय आरोपियों को नगद, बैंक ट्रांसफर और चेक के माध्यम से 30 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद मार्च से जून के बीच अलग-अलग किश्तों में बैंक ट्रांसफर, नकद भुगतान और भूमि पर डिग्गी निर्माण के लिए राशि देकर कुल 80 लाख 32 हजार रुपये आरोपियों को अदा कर दिए गए।परिवादी का आरोप है कि तय कार्यक्रम के अनुसार 24 जून को सभी लोग कोलायत उप-पंजीयक कार्यालय पहुंच गए, लेकिन भूमि विक्रेता रजिस्ट्री करवाने नहीं पहुंचे। बाद में दो जुलाई को फिर संपर्क करने पर आरोपियों ने साफ तौर पर बयानामा करने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि हमें तो तुमसे 80 लाख रुपये हड़पने थे, जो हड़प लिए। न जमीन की रजिस्ट्री करेंगे और न ही पैसे लौटाएंगे। विरोध करने पर हाथ-पैर तोडऩे की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।रणवीर सिंह ने बताया कि 24 जुलाई को आरोपियों को सात दिन में रजिस्ट्री कराने के लिए विधिक नोटिस भी भेजा गया, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई और न ही भुगतान की गई राशि लौटाई गई। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने संदीप कुमार, कपिल कुमार, धनपत, निर्मला, दीदार सिंह और जसवंत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक वेदपाल यादव को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ