भक्तमाल रस उत्सव की भव्य पूर्णाहुति, हनुमान बाबा महाराज ने सुनाए भक्तों के प्रेरक प्रसंग
भक्तमाल रस उत्सव की भव्य पूर्णाहुति, हनुमान बाबा महाराज ने सुनाए भक्तों के प्रेरक प्रसंग
बीकानेर। श्री जी द ग्रुप ऑफ आर्ट्स की ओर से गहलोत मोहल्ला, श्रीरामसर स्थित शिव-पार्वती मंदिर परिसर के माली समाज भवन में आयोजित तीन दिवसीय भक्तमाल रस उत्सव का सोमवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भव्य समापन हुआ।
आयोजन से जुड़े श्रवण गहलोत ने बताया कि उत्सव के अंतिम दिन बरसाना धाम से पधारे श्री हनुमान बाबा महाराज ने अपने श्रीमुख से विभिन्न संतों और भक्तों के पावन चरित्रों का वर्णन किया।
महाराज श्री ने कहा कि जो भगवान के अनन्य भक्त होते हैं, उनकी रक्षा स्वयं भगवान करते हैं। जिस भक्त के मन में ईश्वर के अतिरिक्त किसी अन्य का सहारा नहीं होता, भगवान स्वयं उसकी रक्षा के लिए आते हैं। उन्होंने भक्त प्रहलाद, नरसी मेहता, मीराबाई और द्रौपदी के प्रसंगों के माध्यम से भगवान की भक्तवत्सलता का वर्णन किया।
कथा के दौरान महाराज श्री ने भक्त शिरोमणि कबीरदास और संत पीपाजी के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायी घटनाओं का भी विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कबीरदास जी ने अपनी निश्छल भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज को प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
इसी क्रम में भक्त चिड़ड़ (चीड़ रानी) की अनन्य भक्ति का मार्मिक प्रसंग सुनाया। महाराज श्री ने बताया कि भक्त की सच्ची निष्ठा और प्रेम से प्रभावित होकर संत पीपाजी और सीता सहचरी स्वयं उनके घर पधारे थे। इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
तीन दिनों तक चले इस आध्यात्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। पूर्णाहुति के अवसर पर महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें गोपाल मारू, अर्जुन गहलोत, श्रवण गहलोत, कैलाश गहलोत, वसुंधरा आचार्य, श्याम पंवार, महावीर गहलोत, नंदकिशोर गहलोत, महेश पवार, यशवंत, अजय सांखला प्रथम, जितेंद्र और लकी सहित अनेक भक्तों ने भाग लिया।
इस अवसर पर श्रवण गहलोत एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने बीकानेर के प्रसिद्ध कलाकार आदित्य बिस्सा द्वारा तैयार महाराज श्री के गुरु श्री राजेंद्र दास जी महाराज (मलूक पीठ) का चित्र भेंट किया। साथ ही दुपट्टा पहनाकर उनका सम्मान किया गया। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
गोपाष्टमी पर 17 नवंबर को होगा गौ-पूजन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम
गोपाष्टमी के पावन पर्व पर श्री गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला, गजनेर रोड, बीकानेर में 17 नवंबर 2026, मंगलवार को भव्य गौ-पूजन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम संचालक देव किशन चांडक 'देव श्री' ने बताया कि यह आयोजन श्री हनुमान बाबा महाराज (बरसाना धाम) के सानिध्य में होगा।
उन्होंने बताया कि गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन गौ सेवा, गौ पूजन और संतों के आशीर्वाद से सुख-समृद्धि एवं पुण्य की प्राप्ति होती है।
देव श्री ने सभी गोभक्तों, धर्मप्रेमियों और शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गौ-पूजन एवं संतों के आशीर्वचन का लाभ लेने की अपील की है।
प्रस्तुति: महावीर गहलोत (सेवादार)
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ