दीपावली के तीन दिन बाकी दुकानदार पटाखा लाईसेंस को लेकर परेशान बिना लाईसेंस के दुकान सजी
बीकानेर । दीपावली को अब केवल तीन दिन बाकी है। लेकिन, पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाने के लिए आवेदन करने वाले 450 दुकानदारों को अब भी लाइसेंस मिलने का इंतजार है।
शहर में अस्थायी पटाखों की दुकानों के लिए 450 लोगों ने आवेदन किए हैं। दीपावली को अब केवल तीन दिन बाकी हैं और इन दुकानदारों को बुधवार रात तक लाइसेंस नहीं मिल पाए। जिन लोगों ने आवेदन किए थे, उनकी स्क्रूटनिंग चल रही है। उचित आवेदकों को फीस जमा कराने के बाद लाइसेंस जारी किए जाएंगे। अस्थाई पटाखों की दुकानों के लिए फायर और पुलिस विभाग की ओर से मौका मुआयना कर प्रशासन को रिपोर्ट सौंपी जाती है। उस रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की ओर से उचित दुकानदारों से 600 रुपए फीस लेकर अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
पटाखों की दुकानें लगाने वालों को फीस जमा कराने और लाइसेंस मिलने का इंतजार है। केईएम रोड, कोटगेट, स्टेशन रोड, रानीबाजार, बड़ा बाजार सहित शहरी परकोटे के अनेक स्थानों और बाहरी कॉलोनियों में हर साल अस्थाई पटाखों की दुकानें लगाई जाती हैं जहां करोड़ों रुपए खरीदारी होती है। दूसरी ओर, पटाखों के स्थाई लाइसेंसधारियों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। इनको पांच साल में अपना लाइसेंस रिन्यू कराना होता है और हर साल 600 रुपए फीस जमा करानी होती है। शहर में पटाखों की दुकानों का सबसे बड़ा मार्केट रानीबाजार में वरता मार्केट माना जाता है।
सुरक्षा के लिए जरूरी पटाखों की स्थाई और अस्थायी दुकानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने जरूरी हैं। स्थायी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर आगजनी होने पर उसे बुझाने के लिए कार्बनडाई ऑक्साइड के तीन सिलेंडर रखने जरूरी हैं। अस्थायी दुकानदारों को कार्बनडाई ऑक्साइड का सिलेंडर, पानी और मिट्टी रखना जरूरी है।
हर साल पटाखों की दुकानों के लिए अस्थाई लाइसेंस दीपावली के अंतिम दिनों में ही जारी किए जाते हैं। इससे दुकानदारों को नुकसान होता है। पहले से तैयार कर पूरे इंतजाम नहीं कर पाते और आर्थिक नुकसान भी होता है। प्रशासन को इसे ध्यान में रखते हुए पूरी प्रक्रिया समय पर कर लेनी चाहिए, जिससे दुकानदारों और खरीदारों को पर्याप्त समय मिल सके। परमानेंट आतिश मार्केट का मामला सालों से लटका है।- विरेन्द्र किराड़ू, सचिव फायर वर्क्स एसोसिएशन
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ