दो अलग-अलग सडक़ हादसों में एक किशोर और एक बुजुर्ग की मौत
श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों में एक किशोर और एक बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहला मामला गौरवपथ रोड का है। पुलिस के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ निवासी दानाराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका 16 वर्षीय भतीजा सुभाष पुत्र मदनलाल और दिनेश कुमार नायक पुत्र हंसराज बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। पूर्व विधायक कार्यालय के पास उनकी बाइक की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल और बाद में पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया। घायल दिनेश का इलाज जारी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई भगवानराम को सौंपी है।दूसरा मामला बिग्गा के पास हुए सडक़ हादसे का है। राजलदेसर थाना क्षेत्र के बिनादेशर निवासी मोहनलाल पुत्र अर्जुनराम सिद्ध ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके पिता अर्जननाथ (68) सहित परिवार के अन्य सदस्य बीकानेर से बोलेरो में गांव लौट रहे थे। आरोप है कि सामने से तेज रफ्तार और गलत दिशा में आ रहे एक वाहन ने बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो में सवार कई लोग घायल हो गए। सभी को पहले श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल और बाद में पीबीएम ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अर्जननाथ की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग वाहन चालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को
सुपुर्द कर दिया गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ