विदाई समारोह में छात्राओं ने दिखाया प्रशासनिक हुनर कृतिका प्रजापत बनीं मिस प्रशासनिक चैंपियन, खुशी सोनी को मिस लोक प्रशासन अल्फा का खिताब
विदाई समारोह में छात्राओं ने दिखाया प्रशासनिक हुनर
कृतिका प्रजापत बनीं मिस प्रशासनिक चैंपियन, खुशी सोनी को मिस लोक प्रशासन अल्फा का खिताब
बीकानेर। राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय, बीकानेर के लोक प्रशासन विभाग की ओर से अंतिम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने रैंप वॉक सहित विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैंप वॉक प्रतियोगिता में छात्राओं ने नवाचार का परिचय देते हुए इसे तीन चरणों में आयोजित किया। दूसरे चरण में छात्राओं से उनकी बुनियादी समस्याओं और सामाजिक परिवेश से जुड़े सवाल पूछे गए, जबकि तीसरे चरण में प्रतिभागियों से यह पक्ष रखने को कहा गया कि “आपको मिस प्रशासनिक चैंपियन क्यों चुना जाए?” छात्राओं ने अपने विचारों, आत्मविश्वास और तार्किक अभिव्यक्ति के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में कृतिका प्रजापत को मिस प्रशासनिक चैंपियन, खुशी सोनी को मिस लोक प्रशासन अल्फा तथा दीपशिखा शेखावत को मिस लोक प्रशासन बैच आइकॉन का खिताब प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में डॉ. सुमन बिश्नोई एवं सुनीता बिश्नोई ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महाविद्यालय में बिताए अपने यादगार लम्हों, अनुभवों और विभाग से मिली सीख को साझा किया। कई छात्राओं ने भावुक होते हुए महाविद्यालय एवं शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन कोमल कंवर शेखावत ने किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीरमण झा का कार्यक्रम में सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर लोक प्रशासन विभाग से प्रो. अच्छन राठौड़, अमृता सिंह, आशुतोष सोनी, देवेंद्र सियाग एवं डॉ. ज्योति सक्सेना उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शोभा उपाध्याय, अंजली सोनी, पूजा सोनी, मुस्कान सोनी, गीता प्रजापत, कृतिका सुथार, सरिता कुचोरिया, जयश्री सोनी, सुहानी सोनी, कामना शर्मा, जागृति गहलोत, उर्मिला उपाध्याय, निकिता लील एवं प्रज्ञा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विदाई समारोह के अंत में छात्राओं ने अपने महाविद्यालयीन अनुभवों और विभाग से मिली सीख को साथ लेकर अपने निर्धारित लक्ष्यों की ओर नए उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भविष्य की यात्रा शुरू करने का संकल्प लिया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ