बेटी और दोहिती को लेकर दामाद-ससुर आमने-सामने, मारपीट के दो मामले दर्ज
बेटी और दोहिती को लेकर दामाद-ससुर आमने-सामने, मारपीट के दो मामले दर्ज
श्रीडूंगरगढ़। घरेलू विवाद के चलते तोलियासर निवासी युवक और कालूबास निवासी उसके ससुर के बीच विवाद पुलिस थाने तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट के आरोप लगाते हुए परस्पर मामले दर्ज करवाए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
दोहिती को बेटी के सुपुर्द करने की मांग: कालूबास निवासी पन्नालाल पुत्र आसुराम नाई ने दिनेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश, भैरूराम, विमला पत्नी ओमप्रकाश नाई सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को उसकी दोहिती को उसका पिता दिनेश स्कूल से अपने साथ गांव तोलियासर ले गया था। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ बालिका को लेने तोलियासर पहुंचा, जहां आरोप है कि दामाद, उसके भाई, बालिका की दादी और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा बालिका को साथ नहीं ले जाने दिया। परिवादी ने दोहिती को अपनी बेटी के सुपुर्द करने की मांग की है।
दामाद ने भी दर्ज करवाया मामला: दूसरे पक्ष में तोलियासर निवासी दिनेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश नाई ने अपनी पत्नी ममता और ससुर पन्नालाल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। दिनेश के अनुसार, उसकी पत्नी 20-25 दिन पहले पीहर चली गई थी। 21 अक्टूबर को उसकी पुत्री नीलम वापस उसके घर आ गई। आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 6 बजे उसकी पत्नी ममता और ससुर पन्नालाल घर आए तथा उसके और उसकी माता के साथ मारपीट की।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर परस्पर मामले दर्ज किए हैं। मामलों की जांच को लेकर मिली जानकारी में एसआई दिनेश कुमार और एसआई सुभाष कुमार के नाम सामने आए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ