तो क्या कांग्रेस ने बदल दी है रणनीति, सीधे मिलेगा इशारा और थमा दिया जाएगा सिंबल
खुलासा न्यूज,बीकानेर। निकाय चुनावों को लेकर लगातार पािर्टया प्रत्याशियों को लेकर मंथन में जुटी है। एक-एक वार्ड के लिए काफी मशक्कत की जा रही है ।इसी बीच कांग्रेस के अंदरखाने से बड़ी खबर निकलकर आ रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार बदली हुई रणनीति से मैदान में उतर सकती है।
नगरीय निकाय चुनाव में टिकट वितरण के बाद होने वाली गुटबाजी और बगावत से बचने के लिए कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदल दी है। पार्टी इस बार प्रत्याशियों की कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं करेगी। कांग्रेस मुख्यालय से सीधे जिलों में चुनाव चिह्न भेजे जाएंगे और जिला स्तर पर ही चयनित उम्मीदवारों को टिकट मिलने की सूचना दी जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी के मुताबिक, कांग्रेस मुख्यालय से शनिवार से सभी जिलों में सिंबल भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला अध्यक्ष और विधानसभा पर्यवेक्षक को सिंबल वितरण की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। दोनों पदाधिकारी संभावित प्रत्याशियों के सीधे संपर्क में रहेंगे और चयनित उम्मीदवारों को फोन के माध्यम से टिकट मिलने की जानकारी देंगे।
दरअसल, कई निकायों में एक-एक पद के लिए बड़ी संख्या में दावेदारों ने आवेदन किया है। पार्टी को आशंका है कि समय से पहले प्रत्याशियों के नाम घोषित करने पर टिकट से वंचित नेता बगावत कर सकते हैं। इसी खतरे को कम करने के लिए प्रत्याशियों के नाम अंतिम समय तक गोपनीय रखने की रणनीति बनाई गई है।
कांग्रेस सिंबल को नामांकन के अंतिम दौर में रिटर्निंग ऑफिसर के पास जमा कराने की तैयारी कर रही है। इससे अंतिम समय तक प्रत्याशी चयन और टिकट वितरण पर पार्टी का नियंत्रण बना रहेगा। अब देखना होगा कि कांग्रेस का यह 'सीक्रेट टिकट फॉर्मूला गुटबाजी और बगावत रोकने में कितना सफल होता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ