वोट देने ससुराल पहुंची विवाहिता को घर में नहीं घुसने दिया, बच्चों सहित मारपीट कर निकालने का आरोप
वोट देने ससुराल पहुंची विवाहिता को घर में नहीं घुसने दिया, बच्चों सहित मारपीट कर निकालने का आरोप
श्रीडूंगरगढ़ में दहेज प्रताड़ना और मारपीट का मामला दर्ज, पति सहित पांच ससुरालजनों के खिलाफ शिकायत
श्रीडूंगरगढ़। थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता का आरोप है कि 5 नवंबर को मतदान के लिए ससुराल पहुंचने पर उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया और मारपीट कर बच्चों सहित बाहर निकाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कुनपालसर निवासी सरिता पुत्री राजूराम जाट ने सिंवरो की ढाणी, बीदासर निवासी अपने पति कन्हैयालाल जाट, ससुर डालूराम जाट, जेठ मूलचंद, ननद धर्मादेवी और नणदोई कानाराम के खिलाफ परिवाद दिया है।
पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2019 में कन्हैयालाल जाट के साथ हुआ था। उसी समय उसकी बड़ी बहन सुमन का विवाह जेठ मूलचंद के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करने लगे और दो लाख रुपए नकद तथा मोटरसाइकिल की मांग करने लगे।
रिपोर्ट के अनुसार, 3 जून 2024 को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर बच्चों सहित घर से निकाल दिया था। इस संबंध में उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। बाद में आपसी समझौते के बाद वह फिर से ससुराल में रहने लगी। इसके बाद पति उसे जोधपुर ले गया, जहां भी शराब के नशे में मारपीट करने और दहेज की मांग करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि 5 नवंबर 2026 को वह मतदान करने के लिए ससुराल पहुंची तो पति, ससुर और अन्य आरोपियों ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया। उसके साथ मारपीट कर बच्चों सहित बाहर निकाल दिया।
इसके बाद विवाहिता अपने पीहर पहुंची। परिजनों ने पंचायत के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन समाधान नहीं होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ