शातिर चोरों ने ज्वेलरी की दुकान की पट्टियां तोडक़र चोरी की वारदात को दिया अंजाम
शातिर चोरों ने ज्वेलरी की दुकान की पट्टियां तोडक़र चोरी की वारदात को दिया अंजाम
बीकानेर। शहर में चोरों ने एक बार फिर ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चौखूंटी पुल के पास सारण पेट्रोल पंप के सामने स्थित पीआर ज्वेलर्स की दुकान में चोर छत की पट्टियां तोडक़र अंदर घुसे और लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। वारदात शुक्रवार सुबह करीब 4:15 बजे की बताई जा रही है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। चोरी का पता चलने पर दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हैं दुकान संचालक राजेश कुमार सोनी ने बताया कि गुरुवार रात करीब सवा आठ बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह 9:40 बजे दुकान पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा हुआ था और गेट भी टूटा हुआ था। जब ऊपर जाकर देखा तो छत की पट्टियां टूटी मिलीं। इसके बाद काउंटर संभाला तो उसमें रखा पूरा सामान गायब था। चोर करीब 380 ग्राम सोना, 1200 ग्राम चांदी के अलावा जड़ाऊ और कुंदन के आभूषण चोरी कर ले गए। चोर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ जड़ाऊ और कुंदन का सामान भी ले गए।
राजेश कुमार सोनी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में सुबह करीब 4:15 बजे दो चोर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। एक चोर दुकान के ऊपर दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा दुकान के अंदर घुसकर सामान समेट रहा था। दोनों मोबाइल फोन पर एक-दूसरे से लगातार बातचीत कर रहे थे। चोरों ने करीब आधे से एक घंटे तक दुकान में रहकर पूरी वारदात को अंजाम दिया और फिर फरार हो गए।
दुकान संचालक ने बताया कि पीआर ज्वेलर्स में वर्ष 2020 में भी चोरी की वारदात हुई थी। उस समय भी चोर दुकान को निशाना बनाकर सामान ले गए थे। उस घटना के करीब पांच से छह महीने बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब करीब छह साल बाद एक बार फिर चोरों ने इसी दुकान में वारदात को अंजाम दिया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ