बीकानेर केंद्रीय कारागार में फिर सुरक्षा में सेंध, जेल परिसर से मिली प्रतिबंधित सामग्री
बीकानेर केंद्रीय कारागार में फिर सुरक्षा में सेंध, जेल परिसर से मिली प्रतिबंधित सामग्री
बीकानेर। केंद्रीय कारागार में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की एक और कोशिश सामने आई है। शुक्रवार सुबह जेल परिसर में गणेश ब्रांड जर्दे के 156 पाउच मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि अज्ञात व्यक्ति ने जेल की बाहरी दीवार के ऊपर से इन पैकेटों को अंदर फेंका। जानकारी के अनुसार नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जेल स्टाफ को परिसर के एक हिस्से में टेप से लिपटे कई संदिग्ध पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें 156 जर्दे के पाउच बरामद हुए। इसके बाद जेल प्रशासन ने प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शुरुआती जांच में तड़के करीब चार बजे के बाद कुछ पैकेट जेल परिसर में गिरते दिखाई दिए हैं। आशंका है कि इन्हें जेल की बाहरी दीवार के पास स्थित सुरक्षा टावर की दिशा से भीतर फेंका गया। हैरानी की बात यह है कि जिस क्षेत्र से पैकेट फेंके जाने की आशंका है, वहां सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है। ऐसे में घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जेल प्रशासन ने मामले की रिपोर्ट पुलिस को सौंपते हुए आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि प्रतिबंधित सामग्री जेल तक पहुंचाने के पीछे कौन लोग हैं और कहीं इसमें किसी कर्मचारी की लापरवाही या मिलीभगत तो नहीं है। गौरतलब है कि इससे पहले भी केंद्रीय कारागार में मोबाइल फोन, तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के प्रयास सामने आ चुके हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ