सफाई व्यवस्था को लेकर निगम महापौर हुई सख्त आयुक्त को दिया यूओ नोटिस
सफाई व्यवस्था को लेकर निगम महापौर हुई सख्त आयुक्त को दिया यूओ नोटिस
बीकानेर। शहर की सफाई व्यवस्था और गंगाशहर में नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय को लेकर महापौर अनिल कल्ला ने आयुक्त के नाम दो यूओ नोट जारी किए हैं। एक नोट में घर-घर कचरा संग्रहण और परिवहन का काम कर रही फर्म की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उससे संबंधित कार्रवाई का ब्यौरा मांगा गया है। वहीं दूसरे नोट में गंगाशहर के क्षेत्रीय कार्यालय को शिवबाड़ी से चांदमल जी बाग के पास निगम की जमीन पर स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसों के बाद फर्म की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
महापौर ने सफाई व्यवस्था से संबंधित यूओ नोट में घर-घर कचरा संग्रहण, सॉलिड वेस्ट संग्रहण और परिवहन का काम कर रही फर्म एसपीएस ट्रैश हैंडलर्स जेवी नोट के अनुसार, टेंडर की शर्तों के तहत फर्म को कार्य आवंटित किया गया था, लेकिन निर्धारित शर्तों की पालना नहीं की जा रही है। इस संबंध में फर्म को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत करवाया गया। इसके बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं होने की बात कही गई है।
महापौर ने नोट में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आ रही शिकायतों का भी उल्लेख किया है। इसमें कहा गया है कि फर्म की लापरवाही से नागरिक सुरक्षा को खतरा पहुंच रहा है। हाल ही में नगर निगम के ऑटो टिपर की टक्कर से घायल हुए रिटायर्ड बैंककर्मी केशवदत्त आचार्य की उपचार के दौरान हुई मौत की घटना का उल्लेख करते हुए अन्य हादसों पर भी चिंता जताई गई है।
नोट में बताया गया है कि फर्म के विरुद्ध पहले भी दूसरा नोटिस जारी कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महापौर ने आयुक्त से तीन दिन में अपना प्रत्युत्तर अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही निगम स्तर पर संबंधित फर्म के विरुद्ध की गई ठोस कानूनी कार्रवाई की जानकारी देने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि केशव दत्तर आचार्य की मौत के मामले में अब यह जानकारी सामने आई है कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एसपीएस कंपनी के मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है।
गंगाशहर कार्यालय के लिए चांदमल जी बाग का स्थान तय
दूसरा यूओ नोट गंगाशहर क्षेत्र में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने से संबंधित है। इसमें 16 अक्टूबर 2026 को अधोहस्ताक्षरकर्ता की अध्यक्षता में हुई साधारण सभा की बैठक का हवाला दिया गया है। बैठक में गंगाशहर का क्षेत्रीय कार्यालय शिवबाड़ी के स्थान पर अन्यत्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया था।
नोट के अनुसार, क्षेत्र के पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने महापौर के संज्ञान में लाया कि चांदमल जी बाग के पास नगर निगम की जमीन पर पहले से एक कार्यालय कक्ष बना हुआ है। ऐसे में साधारण सभा में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के क्रम में इसी स्थान को क्षेत्रीय कार्यालय के रूप में विकसित करने की बात कही गई है।
महापौर ने आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि चांदमल जी बाग स्थित निगम के कार्यालय कक्ष का निरीक्षण करवाकर उसकी मरम्मत, आवश्यक निर्माण, बिजली और पेयजल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके बाद उक्त स्थान को गंगाशहर क्षेत्रीय कार्यालय के लिए आवंटित किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
दोनों यूओ नोट 12 नवंबर को जारी किए गए हैं। इनमें एक ओर सफाई व्यवस्था से जुड़े ठेकेदार की कार्यप्रणाली और हादसों को लेकर निगम प्रशासन से जवाबदेही तय करने की अपेक्षा की गई है, तो दूसरी ओर गंगाशहर क्षेत्रीय कार्यालय के संबंध में साधारण सभा के निर्णय को लागू करने की दिशा में कदम उठाने को कहा गया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ