जिला परिषद प्रत्याशी से 2 करोड़ की फिरौती मांगी:गैंगस्टर विशाल पचार के नाम से आया वॉट्सएप कॉल
जिला परिषद प्रत्याशी से 2 करोड़ की फिरौती मांगी:गैंगस्टर विशाल पचार के नाम से आया वॉट्सएप कॉल
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में जिला परिषद चुनाव लड़ रहे माकपा प्रत्याशी को जान से मारने की धमकी देने और 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। प्रत्याशी के पास वॉट्सएप कॉल कर खुद को गैंगस्टर विशाल पचार बताने वाले व्यक्ति ने फिरौती की मांग की। साथ ही चुनाव नहीं छोडऩे पर जान से मरवाने की धमकी दी। मामला सदर थाना क्षेत्र का है।
एसपी हरीशंकर को दी शिकायत में बेअंत सिंह उर्फ बिट्टू प्रधान निवासी 1 बी प्रथम, ग्राम पंचायत 4 जेड, मोहनपुरा रोड श्रीगंगानगर ने बताया कि उसने जिला परिषद सदस्य पद के लिए वार्ड 34 से नामांकन दाखिल किया है।
25 अक्टूबर की शाम 8:47 बजे उसके वॉट्सएप नंबर पर विदेशी नंबर (+351926884863) से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर विशाल पचार बताया और 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। दोनों के बीच करीब 6 मिनट 33 सेकंड तक बातचीत हुई।
आरोपी बोला- चुनाव लडऩा छोड़ दो
बेअंत सिंह ने जब आरोपी से कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं तो आरोपी ने जवाब दिया कि उसे पता है कि उसके पास काफी पैसे हैं और वह चुनाव लड़ रहा है। आरोपी ने उसे चुनाव लडऩा छोडऩे की धमकी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने पर उसे जान से मरवा दिया जाएगा।
आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि वह देखता है कि वह (बेअंत सिंह) कैसे चुनाव लड़ता है और उसे तैयारी करके रहना चाहिए। बेअंत सिंह का आरोप है कि 30 अक्टूबर की सुबह भी उसके पास फोन आए और आरोपी लगातार धमकियां दे रहा है।
एसपी बोले- शिकायत के आधार पर जांच शुरू
मामले में एसपी हरीशंकर ने बताया कि जिला परिषद प्रत्याशी को एक गैंगस्टर के नाम से धमकी देने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस नंबरों की जांच भी कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ