100 से ज्यादा सरकारी आवासों को करवाया खाली, लोगो ने किया विरोध, पूर्व में जारी किए थे नोटिस
100 से ज्यादा सरकारी आवासों को करवाया खाली, लोगो ने किया विरोध, पूर्व में जारी किए थे नोटिस
बीकानेर। जल संसाधन विभाग ने मंगलवार को छत्तरगढ़ स्थित आरसीपी कॉलोनी में सरकारी आवासों को खाली करवाने का अभियान शुरू किया। विभागीय अधिकारियों ने पुलिस जाब्ते और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में करीब 100 सरकारी आवासों को अवैध रूप से रह रहे लोगों से खाली करवाने की कार्रवाई प्रारंभ की।
कार्रवाई के दौरान छत्तरगढ़ तहसीलदार कमलेश महेरिया, जल संसाधन विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। विभाग के अनुसार 6 जुलाई को सरकारी क्वार्टरों में रह रहे लोगों को नोटिस जारी कर 21 जुलाई तक आवास खाली करने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले भी करीब एक वर्ष से लगातार नोटिस देकर लोगों को सरकारी आवास खाली करने के लिए पर्याप्त समय दिया जा चुका है।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोग आवास खाली करने के लिए और समय की मांग करते रहे, लेकिन विभाग ने स्पष्ट किया कि सरकारी आदेशों की पालना के तहत अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार आरसीपी कॉलोनी के अधिकांश सरकारी क्वार्टर जर्जर स्थिति में हैं और किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है। जनहानि की संभावना को देखते हुए सरकार के निर्देशानुसार आवास खाली करवाए जा रहे हैं।
विभाग ने बताया कि जिन सरकारी क्वार्टरों पर ताले लगे मिले, उनके ताले तोडक़र अंदर रखा सामान जब्त कर विभागीय कब्जे में लिया जा रहा है। सरकारी आवासों को खाली करवाने की कार्रवाई समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ