मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी, आज 4 संभाग में बारिश की संभावना
राजस्थान में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं रात के तापमान में गिरावट से सर्दी का अहसास होने लगा है, तो कहीं दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार 24 अक्टूबर को जयपुर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बारिश की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन, 30-40 KMPH की गति से तेज हवाओं के साथ हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 25 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 अक्टूबर को भी कोटा को छोड़कर इन्हीं संभागों में अलर्ट रहा और कहीं बारिश हुई तो कहीं तेज हवा चली। कई जगह मौसम का मिजाज बदला नजर आया। 25 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर को प्रदेश के अलवर, भरतपुर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिख रहा है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ