बीकानेर में आज भी बारिश का अलर्ट, कल बादल छाए और बिजली चमकी लेकिन बारिश नहीं हुई
बीकानेर में आज भी बारिश का अलर्ट, कल बादल छाए और बिजली चमकी लेकिन बारिश नहीं हुई
बीकानेर। बीकानेर शहर में मानसून के अंतिम दौर में भी बारिश का इंतजार खत्म नहीं हुआ। मौसम विभाग ने बुधवार रात बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम होते ही आसमान में बादल छा गए और देर रात तक कई बार बिजली चमकती रही। इससे शहरवासियों को अच्छी बारिश की उम्मीद जगी, लेकिन शहरी क्षेत्र में तेज बारिश नहीं हुई। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इतनी कम कि जमीन भी ठीक से नहीं भीग सकी।
बुधवार रात बीकानेर में काफी देर तक बादलों की आवाजाही बनी रही। बिजली चमकने और गरजने के बावजूद बादल बिना बरसे ही निकल गए। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 16 सितंबर की सुबह तक बीकानेर में पिछले 24 घंटे में बारिश शून्य दर्ज की गई।
वहीं तापमान की बात करें तो बुधवार को बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था। पिछले दो दिनों से रात के समय हवा में कुछ ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की परिस्थितियां 19 सितंबर के आसपास अनुकूल हो सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है।
17 सितंबर को भी बारिश की संभावना जताई गई है। स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार बीकानेर में सामान्यतः बादल छाए रह सकते हैं और कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दिन का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ