राजस्थान के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
राजस्थान के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। शनिवार सुबह सूरतगढ़ में हुई बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। वहीं, ठंड का अहसास भी बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने शनिवार, 24 अक्टूबर को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में मौसम बदल सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम में आए इस बदलाव का असर खास तौर पर बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए आम लोगों से खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ