पंच गौरव योजना के अंतर्गत 10 करोड़ से ऊपर के भेजे गए प्रस्ताव, पढ़ें खबर
खुलासा न्यूज,बीकानेर। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पंच गौरव योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला कलेक्टर को पंच गौरव योजना के जिला नोडल अधिकारी व आयोजना विभाग के संयुक्त निदेशक धर्मपाल खीचड़ ने बताया कि पंच गौरव योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए जिले से 10 करोड़ 55 लाख 45 हजार के विभिन्न प्रस्ताव भेजे गए हैं। जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रस्तावों पर अग्रिम कार्यवाही जल्द करवाने हेतु व्यक्तिगत रूप से समन्वय करने हेतु निर्देशित किया।
मोठ महोत्सव के आयोजन , मोठ प्रसंस्करण इकाई के भेजे प्रस्ताव
उद्यानिकी विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने जिला कलेक्टर को बताया कि कृषि विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए सर्वाधिक 04 करोड़ के प्रस्ताव भेजे हैं उनमें से 2 करोड़ 30 लाख की लागत से जिले में मोठ महोत्सव का आयोजन, जिला व ब्लॉक पर मोठ को लेकर कार्यशालाएं, वैज्ञानिक कृषक संवाद, प्रशिक्षण, प्रदर्शन इत्यादि के प्रस्ताव शामिल है। साथ ही मोठ प्रसंस्करण इकाई की स्थापना के प्रस्ताव भी इसमें शामिल हैं।
2 करोड़ 71 लाख की लागत से ग्रामीण हाट बाजार के नवीनीकरण का भेजा प्रस्ताव
उद्योग विभाग महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा ने बताया कि एक जिला एक उत्पाद बीकानेरी नमकीन अंतर्गत उद्योग विभाग ने कुल 2 करोड़ 89 लाख 95 हजार रूपए के प्रस्ताव भेजे हैं। जिनमें से 2 करोड़ 71 लाख की लागत से ग्रामीण हाट बाजार परिसर की मरम्मत व नवीनीकरण का प्रस्ताव शामिल है।
रोहिड़ा वाटिका, रोहिड़ा नर्सरी का के विकास व रोहिड़ा उत्सव आयोजन के भेजे प्रस्ताव
उपवन संरक्षक जी. वैंकटेश ने बताया कि एक जिला एक वनस्पति प्रजाति रोहिड़ा अंतर्गत वन विभाग ने 1 करोड़ 50 लाख के प्रस्ताव भिजवाए हैं जिनमें से 1 करोड़ 18 लाख की लागत से जिले में रोहिड़ा वाटिका, रोहिड़ा नर्सरी का विकास के साथ साथ इंटरप्रिटेशन सेंटर निर्माण का प्रस्ताव शामिल है।
तीरंदाजी खेल मैदान विकास व तीरंदाजी खेल उपकरणों की खरीद के भेजे प्रस्ताव
जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि एक जिला एक खेल तीरदांजी अंतर्गत खेल विभाग ने 98 लाख 50 हजार के प्रस्ताव भिजवाए हैं। जिनमें से 50 लाख की लागत से तीरंदाजी खेल मैदान का विकास व 35 लाख की लागत से तीरंदाजी से जुड़े खेल उपकरणों की खरीद के प्रस्ताव शामिल है।
श्री करणी माता मंदिर परिसर में पर्यटक सहायता केन्द्र समेत विभिन्न सुविधाओं के भेजे प्रस्ताव
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि एक जिला एक पर्यटन स्थल श्री करणी माता मंदिर के लिए पर्यटन विभाग ने 1 करोड़ 17 लाख के विभिन्न प्रस्ताव भेजे हैं। जिनमें से 75 लाख की लागत से श्रद्धालुओं के लिए पर्यटक सहायता केन्द्र की गुमटियों समेत महिलाओं व पुरूषों के लिए अलग अगल वॉश रूम, फूड कोर्ट, क्राफ्ट बाजार,एंबुलेस स्टेशन समेत विभिन्न सुविधाओं के विकास प्रस्ताव शामिल हैं। ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो।
बैठक में सीईओ जिला परिषद शैलजा पांडेय, उपवन संरक्षक जी.वैंकटेश, नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा, कोषाधिकारी धीरज जोशी,उद्योग विभाग की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदन लाल, उद्यानिकी सहायक निदेशक मुकेश गहलोत, जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष समेत अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ