पुलिस ने आमजन को पहनाया हेलमेट, यातायात नियमों की पालना करने की समझाइश
खुलासा न्यूज,बीकानेर। यातायात सुरक्षा को लेकर नोखा थाना पुलिस ने रविवार को सुजानगढ़ रोड पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर पुलिस ने समझाइश की और मौके पर ही उन्हें हेलमेट पहनाया। अभियान के दौरान भामाशाह के सहयोग से करीब 100 हेलमेट वितरित किए गए। सीओ जरनैलसिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी गोविंद सिंह चारण और पुलिस जवानों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के फायदे बताए। पुलिस ने कहा कि हेलमेट सिर पर बोझ नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है।
दुपहिया वाहन दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने की आशंका अधिक रहती है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही पूरे परिवार पर भारी पड़ सकती है। इसलिए बाइक या स्कूटर चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल जरूर करें और यातायात नियमों की पालना करें। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को केवल कार्रवाई के बजाय समझाइश और जागरूकता के माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। पुलिस की ओर से हेलमेट पहनाकर वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया गया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ