पवनपुरी मेन मार्केट व्यापारियों ने बनाया संगठन, पहली बैठक में कार्यकारिणी का गठन, मूलभूत सुविधाओं की मांग उठी
पवनपुरी मेन मार्केट व्यापारियों ने बनाया संगठन, पहली बैठक में कार्यकारिणी का गठन, मूलभूत सुविधाओं की मांग उठी
बीकानेर। पवनपुरी मेन मार्केट व्यापारियों के संगठन की पहली बैठक मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। बैठक में 40 से अधिक व्यापारियों ने भाग लेते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में मुकेश शर्मा को अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह खालसा को उपाध्यक्ष, लोकेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा संजीव नंदा को सचिव चुना गया। इसके अलावा सात सदस्यीय कार्यकारिणी में राजेश गुप्ता, भानु खत्री, ललित, महावीर, मयूर सोनी, सत्यनारायण और विपिन सोनी को शामिल किया गया।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने पवनपुरी मेन मार्केट की वर्षों पुरानी समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई। वक्ताओं ने कहा कि बीडीए की सबसे पुरानी मार्केटों में शामिल होने के बावजूद आज तक यहां व्यापारियों और ग्राहकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
व्यापारियों ने सार्वजनिक शौचालय की कमी को प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि दुकानदारों, कर्मचारियों और ग्राहकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं बारिश के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से दुकानों के सामने कई दिनों तक पानी भरा रहता है। नई सड़क निर्माण के समय सड़क की ढलान और ड्रेनेज व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिए जाने से जलभराव की समस्या और बढ़ गई है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
बैठक में सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। व्यापारियों ने बताया कि नई सड़क बनने के दौरान पुराने स्पीड ब्रेकर हटा दिए गए, लेकिन उनकी जगह नए स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए गए। इसके कारण मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से आए दिन दो से तीन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
नवगठित कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि शीघ्र ही संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर सभी समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
नई कार्यकारिणी ने सभी व्यापारियों से एकजुट होकर पवनपुरी मेन मार्केट के विकास और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ