बीकानेर स्टेशन को मिलेगा नया रूप, यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं
बीकानेर स्टेशन को मिलेगा नया रूप, यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं
बीकानेर। बीकानेर रेलवे स्टेशन की वर्षों पुरानी तस्वीर अब बदलने की ओर बढ़ रही है। हाल ही में बीकानेर दौरे पर आए केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट संकेत दिए कि स्टेशन के मेजर अपग्रेडेशन का टेंडर शीघ्र जारी किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान किया जाएगा। बीकानेर पहुंचे रेल मंत्री ने स्टेशन के व्यापक पुनर्विकास को प्राथमिकता देने की बात कही थी। उन्होंने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि परियोजना का कार्य जल्द शुरू हो सके। योजना के अनुसार स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, नए यात्री प्रतीक्षालय, बेहतर प्रवेश और निकास द्वार, आधुनिक पार्किंग, दिव्यांग जन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन और यात्री सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही स्टेशन परिसर को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा।
रेल मंत्रालय का मानना है कि बीकानेर स्टेशन केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं बल्कि मरुस्थलीय पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख प्रवेश द्वार है। स्टेशन के आधुनिक बनने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग और परिवहन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी। रेल मंत्री ने कहा था कि भारतीय रेल देशभर के प्रमुख स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने के अभियान पर काम कर रही है और बीकानेर स्टेशन का पुनर्विकास इसी दिशा का महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और अत्याधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ