आपसी मतभेद भुलाकर कार्यकर्ता जुटे चुनाव में, पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
खुलासा न्यूज,बीकानेर। नगर पालिका चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर आज देशनोक नगर कांग्रेस कमेटी के स्थानीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने प्रमुख रूप से भाग लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा विधानसभा कोलायत के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक अमित कड़वासरा, बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक मोहनदान मंडाल, सह-पर्यवेक्षक मदनलाल चौहान एवं सह-पर्यवेक्षक शतू खान परिहार, बीकानेर जिला ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश सैन तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पूर्व ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी नगरपालिका चुनाव कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है। प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ऊर्जा, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की रीढ़ की हड्डी हैं। युवाओं की ऊर्जा, मेहनत और सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क करने तथा आमजन की समस्याओं और भावनाओं को समझकर उनके बीच कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अमित जी कड़वासरा तथा बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक मोहनदान जी मंडाल सहित सह-पर्यवेक्षकों ने भी आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की। कार्यकर्ताओं एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को वार्डवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए चुनाव में पूरी मजबूती, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
पर्यवेक्षकों द्वारा देशनोक नगरपालिका के सभी 25 वार्डों की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संभावित प्रत्याशियों तथा वार्डवासियों के बीच पार्टी की स्थिति को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया। इस दौरान सभी वार्डों को लेकर गहन चिंतन एवं मंथन किया गया तथा आगामी चुनाव के लिए वार्डवार रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि नगरपालिका के अधिकांश वार्डों में कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों के नामों पर सर्वसम्मति बन चुकी है। पार्टी की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन नामों को कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। वहीं जिन वार्डों में अभी सहमति बनना बाकी है, वहां भी स्थानीय कार्यकर्ताओं, वार्डवासियों एवं संभावित दावेदारों के साथ आपसी समन्वय एवं संवाद स्थापित कर जल्द ही सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में कहा गया कि कांग्रेस पार्टी सभी वार्डों में मजबूत प्रत्याशियों के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। संगठन का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस को मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी ताकत से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
पूर्व ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे संगठन और प्रत्येक कार्यकर्ता का चुनाव है। पार्टी जिसे भी अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करेगी, सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ उसके समर्थन में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जी-जान से काम करना चाहिए।
इस अवसर पर निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जगदीश प्रसाद शर्मा, बीकानेर जिला ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश सैन,गजानन्द स्वामी, ओम प्रकाश जाजड़ा, अमर सिंह यादव, मदन उपाध्याय, देहात कांग्रेस कमेटी के संजय गोयल,गोपाल राम, भगवान दान, नारायण दान जी, खैर दीन, एडवोकेट कैलाश बोरड़, युवा कांग्रेस नेता चिराग राठौड़ , राजेंद्र पंडित, दाउद अली, मोहम्मद रफी(बाबूभाई), हनुमान जी भार्गव, बाबूलाल जी भार्गव, पूर्व पार्षद हस्तीराम, छेलू दान, श्याम दान,सरद बारठ,संतोष दान।सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, वार्डवार स्थिति एवं प्रत्याशियों के चयन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनाव में पूरी एकजुटता और समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक का मंच संचालन प्रवक्ता अनारदीन गोरी ने किया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं, पर्यवेक्षकों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ