बीकानेर में पंचायती राज चुनाव: 15.17% मतदान, बीठनोक सबसे आगे और बज्जू खालसा सबसे पीछे
बीकानेर में पंचायती राज चुनाव: 15.17% मतदान, बीठनोक सबसे आगे और बज्जू खालसा सबसे पीछे
बीकानेर। पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को बीकानेर जिले की पांच पंचायत समितियों कोलायत, बीठनोक, बीकानेर, हदां और बज्जू खालसा में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा। चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई और धीरे-धीरे मतदान में तेजी आने लगी।
दूसरे चरण में जिला परिषद के 11 वार्डों तथा पंचायत समिति के 81 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सुबह 10 बजे तक जिले में कुल 3 लाख 35 हजार 446 मतदाताओं में से 50 हजार 901 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान कुल मतदान प्रतिशत 15.17 दर्ज किया गया।
पंचायत समितिवार मतदान प्रतिशत की बात करें तो बीठनोक पंचायत समिति सबसे आगे रही, जहां 35 हजार 975 मतदाताओं में से 6 हजार 887 मतदाताओं ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 19.14 दर्ज किया गया।
इसके बाद कोलायत पंचायत समिति में 59 हजार 62 मतदाताओं में से 9 हजार 715 ने मतदान किया, जिससे यहां 16.45 प्रतिशत मतदान हुआ।
हदां पंचायत समिति में कुल 43 हजार 39 मतदाताओं में से 6 हजार 800 मतदाताओं ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 15.80 रहा।
बीकानेर पंचायत समिति में 1 लाख 22 हजार 554 मतदाताओं में से 19 हजार 286 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां सुबह 10 बजे तक 15.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं बज्जू खालसा पंचायत समिति में मतदान की रफ्तार सबसे धीमी रही। यहां कुल 74 हजार 816 मतदाताओं में से 8 हजार 213 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 10.98 दर्ज किया गया।
प्रशासन को उम्मीद है कि दिन चढऩे के साथ मतदान प्रतिशत में तेजी आएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर और शाम के समय मतदान बढऩे की संभावना जताई जा रही है। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ