पुलिस ने मारपीट के मामले में दो आरोपियो को पकड़ा
बीकानेर। मारपीट के मामले में कोटगेट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गाढवाला निवासी कानाराम पुत्र पेमाराम व देव प्रकाश के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी प्रकरण की जांच कर रहे एएसआई प्रवीण वैष्णव ने की।
रेलवे कॉलोनी परिसर में एक युवक के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया। घटना में युवक के चेहरे, ललाट और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पीडि़त के पिता की रिपोर्ट पर कोटगेट थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। पुलिस के अनुसार 13 नवंबर को नापासर थाना क्षेत्र के गाढवाला निवासी नरेश कुमार मेघवाल पुत्र मोतीराम मेघवाल ने कोटगेट थाने में लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उनका 26 वर्षीय पुत्र भोमराज मेघवाल 12 नवंबर की शाम करीब 6 बजे बीकानेर जाने की बात कहकर घर से निकला था। नरेश कुमार ने बताया कि रात करीब 8 से 8:15 बजे के बीच उन्होंने अपने बेटे के मोबाइल नंबर पर बात की थी। बातचीत के दौरान भोमराज ने बाद में आने की बात कही, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद बताने लगा। कुछ देर बाद गांव से सूचना मिली कि भोमराज के साथ मारपीट हुई है और वह ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।
सूचना मिलने के बाद परिजन गांव से बीकानेर पहुंचे और ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भोमराज को भर्ती पाया। पिता के अनुसार भोमराज के चेहरे, ललाट और सिर पर गंभीर चोटें लगी हुई थीं तथा चोटों पर पट्टियां बंधी हुई थीं। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि रेलवे कॉलोनी परिसर में रात के समय अज्ञात व्यक्तियों ने एकजुट होकर भोमराज के साथ मारपीट की और उसे गंभीर चोटें पहुंचाई। पिता ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ