ऑपरेशन नीलकंठ: बीकानेर जिले में तीन बड़ी कार्रवाई, अवैध नशे के साथ कई गिरफ्तार
ऑपरेशन नीलकंठ: बीकानेर जिले में तीन बड़ी कार्रवाई, अवैध नशे के साथ कई गिरफ्तार
बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई: श्रीडूंगरगढ़
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने सरदारशहर रोड पर कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय किशन पुत्र रूपाराम धतरवाल निवासी तोलियासर को 404 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी हाल ही में जमानत पर छूटा था और फिर से तस्करी में सक्रिय हो गया था। कार्रवाई थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में एसआई राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में की गई।
दूसरी कार्रवाई: बज्जू
बज्जू थाना पुलिस ने डोडा पोस्त तस्करी के मामले में फरार आरोपी सायबदीन उर्फ साहबेदीन पुत्र नेजूखां निवासी बांगड़सर को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि 16 मार्च 2026 को आरोपी की ढाणी से 19 किलो 590 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ था, जिसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने 11 अप्रैल को उसे रोही बांगड़सर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
तीसरी कार्रवाई: पुगल
पुगल पुलिस ने आरडी 682 से सतासर रोड के पास कार्रवाई करते हुए केवल प्रकाश पुत्र बुद्धराम निवासी दंतौर को 420 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ