ऑपरेशन नीलकंठ: पुलिस ने 5.45 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर को दबोचा
खुलासा न्यूज,बीकानेर। जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। जामसर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर तस्कर को 5 ग्राम 450 मिलीग्राम अवैध स्मैक/चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक आईजी बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार जिले में अवैध नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसी कड़ी में एएसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा व डीएसपी लूणकरणसर रणवीर सिंह के सुपरविजन में जामसर थानाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
थानाधिकारी रवि कुमार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि जलालसर रोही स्थित पुरानी खंडहर जिप्सम फैक्ट्री के पास नशे की बड़ी खेप आने वाली है। पुलिस टीम ने तत्काल योजना बनाकर इलाके में गश्त बढ़ाई और संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 ग्राम 450 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्रम (26) पुत्र कालू खां मिरासी, निवासी वार्ड नंबर 6, जामसर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र के युवाओं को नशा सप्लाई करने की फिराक में था। जामसर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा नंबर 119 दर्ज किया है। मामले की कमान बीछवाल थानाधिकारी दिग्पाल सिंह को सौंपी गई है, जो आरोपी से नशे के मुख्य सप्लायर और खरीदारों के नेटवर्क को लेकर गहनता से पूछताछ कर रहे हैं।
इस पूरी रेड को सफल बनाने और आसूचना संकलन में जामसर थाने के कांस्टेबल विजय कुमार की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। इसके अलावा कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी रवि कुमार, सउनि रामकेश, हेड कांस्टेबल धर्माराम, कांस्टेबल दिलावर और कांस्टेबल रामनिवास शामिल रहे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ