बीकानेर: सोशल मीडिया पर ऑनलाइन शॉपिंग करना पड़ा महंगा, झांसे में लेकर 110000 की ठगी
बीकानेर: सोशल मीडिया पर ऑनलाइन शॉपिंग करना पड़ा महंगा, झांसे में लेकर 110000 की ठगी
बीकानेर। सोशल मीडिया पर ऑनलाइन शॉपिंग करना जिले के पांचू थाना क्षेत्र के कक्कू गांव निवासी एक युवक को भारी पड़ गया। बच्चों के लिए खिलौने वाली गाड़ी खरीदने के चक्कर में साइबर ठगों ने युवक को झांसे में लेकर करीब 1.10 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पांचू में ग्राम कक्कू निवासी 29 वर्षीय नारायणराम पुलिस को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 20 सितंबर को उसने इंस्टाग्राम पर बच्चों के खिलौनों की गाड़ी का एड देखा था।
गाड़ी खरीदने के लिए उसने इंस्टाग्राम पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। कॉल पर मौजूद अज्ञात ठग ने उसे अपनी बातों के जाल में फंसा लिया और अलग-अलग यूपीआई आईडी के माध्यम से कुल 1,10,898 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। साइबर पुलिस थाना जयपुर से एक जीरो नंबरी एफआईआर पांचू पुलिस थाने को प्राप्त हुई। पीड़ित नारायणराम ने पांचू थाने पहुंचकर विधिवत रिपोर्ट दर्ज कराई। पांचू थाना एसएचओ ईश्वरप्रसाद जांगिड़ ने बताया कि परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब ट्रांजेक्शन आईडी (यूटीआर नंबर) और संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर ठगों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ