विधायक ने की जनसुनवाई, 248 प्रकरण आए सामने, जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश
खुलासा न्यूज,बीकानेर। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने सोमवार को पंचायत समिति सभागार, खाजूवाला में जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 248 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें बिजली, सड़क, अतिक्रमण हटाने, रास्ता खुलवाने और पेयजल एवं सिंचाई विभाग से संबंधित रहे।
विधायक डॉ. मेघवाल ने प्रत्येक परिवाद की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर समाधान करवाया, जिससे परिवादियों को तत्काल राहत मिली।
जनसुनवाई में उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार, थाना अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात विधायक ने पंचायत समिति कार्यालय का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ