जयपुर गया था परिवार, खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाश, नगदी सहित लाखो के जेवर ले गए चोर
जयपुर गया था परिवार, खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाश, नगदी सहित लाखो के जेवर ले गए चोर
बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र के केशव नगर, शिवबाड़ी में सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। परिवार के जयपुर जाने के दौरान बदमाशों ने मकान की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व लॉकर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित कई कीमती सामान चोरी कर लिया।
पुलिस के अनुसार केशव नगर निवासी करणीसिंह राठौड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मकान उनकी बड़ी बहन कुसुम राठौड़ के नाम है। उनके माता-पिता मेडिकल इमरजेंसी के कारण पिछले कुछ दिनों से जयपुर गए हुए थे और मकान की देखरेख की जिम्मेदारी उनके पास थी।
4 अक्टूबर की सुबह जब करणीसिंह मकान पर पहुंचे तो सभी ताले टूटे हुए मिले। एक खिड़की का कांच भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने खिड़की से कूलर हटाकर मकान में प्रवेश किया था।
चोरों ने घर के अंदर अलमारी और लॉकर के ताले तोड़कर सामान खंगाला। कुछ संदूकों के ताले भी टूटे मिले। इसके अलावा डबल बेड के अंदर रखा सामान भी चोरी होने की बात सामने आई।
परिजनों के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब 1.5 तोला सोना, जिसमें दो पूंची-बंगड़ी और आठ नाके की लौंग, करीब 400 ग्राम चांदी की दो पायल, दो चांदी के गिलास, पानी की मोटर, बच्ची की साइकिल और 55 हजार रुपए नकद शामिल हैं। इसके अलावा पानी की टंकियां, राजपूती पोशाकें, दो साड़ियां, 32 इंच की एलईडी टीवी, लैपटॉप और चांदी की महंगी पोशाक भी चोरी होने की रिपोर्ट में जानकारी दी गई है।
चोरी की सूचना मिलने पर जेएनवीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई जयप्रकाश बेनीवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटो और वीडियो बनाए।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ