बीकानेर: 7.92 लाख के जेवर हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बीकानेर: 7.92 लाख के जेवर हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में करीब 7.92 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लौटाने से इनकार करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के इस्तगासे पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चौपड़ा बाड़ी, गंगाशहर निवासी पनूमचंद पुत्र रेखाराम सोनी ने न्यायालय के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसने मालचंद शर्मा और देवाराम शर्मा को 7 लाख 92 हजार 300 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात विश्वास में देकर सौंपे थे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि तय समय पूरा होने के बाद जब जेवर वापस मांगे गए तो दोनों आरोपियों ने उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया। कई बार तकादा करने के बावजूद न तो जेवर वापस किए गए और न ही उनकी कीमत अदा की गई। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने विश्वास में लेकर जेवर प्राप्त किए और बाद में उन्हें हड़प लिया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने इस्तगासे के जरिए पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए।
कोर्ट के आदेश के बाद गंगाशहर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जेवरात के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ