बीकानेर: गांव में भीषण अग्निकांड, 10 से अधिक दुकानें जलकर हुई राख
बीकानेर: गांव में भीषण अग्निकांड, 10 से अधिक दुकानें जलकर हुई राख
भेरूजी मंदिर के सामने देर रात लगी आग, पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका; दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान
श्रीकोलायत। श्रीकोलायत क्षेत्र के केसियाणा गांव में सोमवार देर रात बड़ा अग्निकांड हो गया। गांव स्थित भेरूजी मंदिर के सामने अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से 10 से अधिक कच्ची दुकानें जलकर राख हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं द्वारा दीपावली पर छोड़े गए पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल वाहन को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दुकानों में रखा सामान जलकर हुआ राख
इस अग्निकांड में दुकानों के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। दीपावली के त्योहार के बीच हुए इस हादसे ने छोटे दुकानदारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। कच्ची दुकानों के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन जुटा नुकसान के आकलन में
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच भी की जा रही है। दीपावली के दौरान हुई इस घटना ने पटाखों से होने वाले संभावित खतरों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ