दहेज के लिए विवाहिता को मासूम के साथ निकाला घर से, पति पर लगाए गंभीर आरोप.
दहेज के लिए विवाहिता को मासूम के साथ निकाला घर से, पति पर लगाए गंभीर आरोप.
खुलासा ऑनलाइन। श्रीडूंगरगढ़ में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है, जहां विवाहिता ने अपने पति के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया और आखिरकार बच्चे सहित घर से निकाल दिया गया। बापेऊ निवासी किशना पुत्री गोपालराम बावरी ने कुनपालसर निवासी अपने पति प्रभुदयाल पुत्र अर्जुनराम बावरी के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 13 मार्च 2021 को आरोपी के साथ उसके पीहर में संपन्न हुआ था। विवाह के दौरान उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही पति दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगा।
पीड़िता के अनुसार संतान जन्म के समय भी उसके पिता ने छूछक में रुपए, कपड़े और गहने दिए थे। इसके बावजूद आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2023 में दहेज की मांग को लेकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और थाप-मुक्कों से पीटते हुए बच्चे सहित घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह अपने पिता के घर आकर रहने लगी। विवाहिता ने बताया कि वह अब तक गृहस्थी बसाने का प्रयास करती रही, लेकिन आरोपी ने बिना दहेज उसे वापस घर में रखने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई रतनलाल को सौंप दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ