श्रीडूंगरगढ़ में बड़ा सियासी-धार्मिक घटनाक्रम: VHP-बजरंग दल के पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा, ट्रॉमा सेंटर को लेकर आंदोलन का ऐलान
श्रीडूंगरगढ़ में बड़ा सियासी-धार्मिक घटनाक्रम: VHP-बजरंग दल के पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा, ट्रॉमा सेंटर को लेकर आंदोलन का ऐलान
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर निर्माण को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के नगर, तहसील और जिला स्तर के कई पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफे की घोषणा कर दी है। संगठन ने आरोप लगाया है कि वर्षों पुराने विवादित 7 बीघा भूमि पर ट्रॉमा सेंटर बनाने के वादे से पीछे हटने की कोशिश की जा रही है। इसी के विरोध में इस्तीफा देते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
30 साल पुराने संघर्ष का किया जिक्र
कहा गया है कि महाविद्यालय के सामने स्थित 7 बीघा विवादित भूमि को लेकर संगठन वर्ष 1990 से आंदोलन करता आ रहा है। इस दौरान कई बार तनाव की स्थिति बनी, बाजार बंद रहे और वर्ष 2014 व 2015 में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं भी हुईं। संगठन का दावा है कि इन घटनाओं में 450 से अधिक हिंदू युवाओं पर मुकदमे दर्ज हुए और 155 युवाओं को जेल जाना पड़ा।
समझौते के बाद ट्रॉमा सेंटर के लिए छोड़ा था दावा
विहिप के अनुसार, तत्कालीन विधायक किशनाराम नाई की मध्यस्थता में दोनों समुदायों के बीच जमीन को लेकर समझौता हुआ था। बाद में वर्ष 2023 में तत्कालीन विधायक गिरधारी महिया की पहल पर दोनों पक्षों ने मानवता के आधार पर उसी भूमि पर ट्रॉमा सेंटर और उपजिला चिकित्सालय बनाने के लिए अपना दावा छोड़ दिया था।
जगह बदलने के प्रयास का आरोप
संगठन का आरोप है कि लंबे समय बाद भी उस भूमि पर ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू नहीं हुआ। इसके बजाय निर्माण स्थल बदलने की बातें कही जा रही हैं। विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और वर्तमान विधायक से संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे आहत होकर सामूहिक इस्तीफा दिया गया है।
इन पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे
इस्तीफा देने वालों में जिला अध्यक्ष जगदीश स्वामी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी, जिला सहमंत्री वासुदेव सारस्वत, श्याम सुंदर जोशी, संतोष बोहरा, दीपक सेठिया, भीखाराम सुथार, त्रिलोकचंद, मुकेश प्रजापत, नगर अध्यक्ष मनीष नवलखा, लालसिंह, भूषण करवा, अशोक नाई तथा बजरंग दल के केके जांगिड़, पवन व्यास, श्याम गिरी सहित कई पदाधिकारी शामिल हैं।
आज आंदोलन का ऐलान
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि ट्रॉमा सेंटर का निर्माण उसी भूमि पर शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा। इसी मांग को लेकर आज श्रीडूंगरगढ़ में प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। युवा नेता हरिराम बाना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई गई है। हालांकि, आयोजकों के अनुसार प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ