बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा: जोशीमठ के पास क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर, पायलट समेत 6 लोगों की मौत
बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा: जोशीमठ के पास क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर, पायलट समेत 6 लोगों की मौत
उत्तराखंड में शुक्रवार को एक दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा एक निजी कंपनी का हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई। राहत एवं बचाव दल ने सभी के शव बरामद कर लिए हैं।
दोपहर 1:14 बजे भरी थी उड़ान
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई।
खराब मौसम के बीच हुआ हादसा
यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब उत्तराखंड के कई इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। खराब मौसम को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, जांच के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घटना की जांच के निर्देश दिए और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में कर्नाटक पुलिस के इंस्पेक्टर अरुण भी सवार थे। हादसे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) करेगा।
10 साल में उत्तराखंड में 13 हेलिकॉप्टर हादसे
केंद्र सरकार के मुताबिक, वर्ष 2016 से 2026 के बीच उत्तराखंड में 13 हेलिकॉप्टर हादसे हुए हैं। इन दुर्घटनाओं में कुल 27 लोगों की मौत हुई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ