WhatsApp में हुआ बड़ा बदलाव: अब मोबाइल नंबर बताए बिना होगी चैट, यूजरनेम फीचर हुआ लॉन्च
WhatsApp में हुआ बड़ा बदलाव: अब मोबाइल नंबर बताए बिना होगी चैट, यूजरनेम फीचर हुआ लॉन्च
नई दिल्ली। अब तक WhatsApp पर किसी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर साझा करना जरूरी होता था, लेकिन जल्द ही यह जरूरत खत्म होने वाली है। मेटा के स्वामित्व वाले WhatsApp ने नया Username फीचर लॉन्च करने की घोषणा की है। इस फीचर के जरिए यूजर्स अपना मोबाइल नंबर बताए बिना केवल यूजरनेम के माध्यम से चैट कर सकेंगे। कंपनी ने 29 जून से दुनियाभर में यूजरनेम बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि यह सुविधा सभी यूजर्स को एक साथ नहीं मिलेगी। आने वाले महीनों में इसे चरणबद्ध तरीके से सभी देशों में रोलआउट किया जाएगा। फीचर उपलब्ध होने पर यूजर्स को WhatsApp ऐप में नोटिफिकेशन मिलेगा।
पहले रिजर्व करने वालों को मिलेगा पसंदीदा यूजरनेम
दुनियाभर में करोड़ों लोग एक जैसे या मिलते-जुलते यूजरनेम चुनना चाहेंगे। ऐसे में जो यूजर्स सबसे पहले अपना यूजरनेम रिजर्व करेंगे, उनके मनचाहा यूजरनेम मिलने की संभावना अधिक रहेगी। WhatsApp के हेड कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सही समय पर अपना यूजरनेम सुरक्षित कर लेना बेहतर होगा। उनके अनुसार, यह फीचर लोगों को अधिक निजी और सुरक्षित तरीके से एक-दूसरे से जुड़ने का विकल्प देगा।
यूजरनेम फीचर से क्या बदलेगा?
नए फीचर के बाद कई परिस्थितियों में आपका मोबाइल नंबर सामने वाले व्यक्ति को दिखाई नहीं देगा। जैसे— जब आपको किसी बड़े ग्रुप चैट में जोड़ा जाएगा। जब आप पहली बार किसी नए व्यक्ति को मैसेज करेंगे। इससे यूजर्स की प्राइवेसी पहले से अधिक मजबूत होगी और मोबाइल नंबर तभी साझा होगा जब यूजर स्वयं ऐसा चाहेगा।
यूजरनेम फीचर से जुड़ी जरूरी बातें, WhatsApp अकाउंट बनाने और इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल नंबर पहले की तरह जरूरी रहेगा। पहली बार संपर्क करने वाले व्यक्ति को आपका मोबाइल नंबर नहीं दिखेगा, यदि आपने यूजरनेम सेट किया है। जिन लोगों के पास पहले से आपका नंबर सेव है, वे पहले की तरह ही आपसे चैट कर सकेंगे। यूजरनेम 3 से 35 कैरेक्टर के बीच होना चाहिए। इसमें केवल छोटे अंग्रेजी अक्षर (a-z), अंक (0-9), डॉट (.) और अंडरस्कोर (_) का उपयोग किया जा सकेगा। प्रत्येक यूजरनेम पूरी तरह यूनिक होगा। जरूरत पड़ने पर यूजरनेम को बदला, हटाया या अपडेट भी किया जा सकेगा।
यूजर्स को मिलेगा बड़ा फायदा
WhatsApp का यह नया फीचर उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी होगा जो किसी नए व्यक्ति, नेटवर्किंग इवेंट, स्कूल ग्रुप, स्पोर्ट्स ग्रुप या अन्य सामाजिक संपर्कों में बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन अपना निजी मोबाइल नंबर साझा नहीं करना चाहते। इससे चैटिंग पहले से अधिक सुरक्षित और प्राइवेट हो जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ