मोहर लगा सफेद कबूतर मिलने से मचा हडक़ंप सुरक्षा एजेंसियां जुटी जांच
मोहर लगा सफेद कबूतर मिलने से मचा हडक़ंप सुरक्षा एजेंसियां जुटी जांच
बीकानेर। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बज्जू उपखंड के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में एक सफेद कबूतर मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। कबूतर के पंखों पर नीले रंग की मोहर लगी है, हालांकि उस पर अंकित शब्द स्पष्ट नहीं पढ़े जा सके हैं।
पंखों पर नीले रंग की मोहर
यह कबूतर रणजीतपुरा थाना क्षेत्र के चक 13 आरडीवाई-ए स्थित किसान रूपाराम लेघा के खेत में मिला। कबूतर सामान्य रूप से खेत और घर के आसपास घूमता दिखाई दिया। बाद में उसके पंखों पर नीले रंग की मोहर लगी होने का पता चलने पर किसान परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
किसान रामचन्द्र ने बताया कि कबूतर के पंखों पर नीली स्याही की मोहर दिखाई दी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल रणजीतपुरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कबूतर को अपने साथ थाना परिसर ले गए।
कबूतर को थाना परिसर में रखा
रणजीतपुरा थानाधिकारी सीआई लक्ष्मणसिंह राठौड़ ने बताया कि कबूतर को सुरक्षित रूप से थाना परिसर में रखा गया है। मामले की जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय बीकानेर, बीएसएफ की जी ब्रांच तथा वन विभाग को दे दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है और शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि भारत-पाक सीमा से लगे क्षेत्रों में पूर्व में भी कई बार संदिग्ध परिस्थितियों में कबूतर, गुब्बारे और अन्य वस्तुएं मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों में सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की जांच करती हैं। फिलहाल संबंधित विभाग कबूतर पर लगी मोहर और उसके स्रोत की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ