बीकानेर में पूर्व पार्षद पर चाकू और तलवार से जानलेवा हमला, PBM अस्पताल में उपचार जारी
बीकानेर में पूर्व पार्षद पर चाकू और तलवार से जानलेवा हमला, PBM अस्पताल में उपचार जारी
बीकानेर। शहर के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम पूर्व पार्षद महेंद्र सिंह बड़गुजर पर चाकू और तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान महेंद्र सिंह बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमान हत्था स्थित हनुमान मंदिर के पास भूपेन्द्र सिंह उर्फ भूपसा और लोकेन्द्र सिंह उत्पात मचा रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पूर्व पार्षद महेंद्र सिंह बड़गुजर को सूचना दी।
सूचना मिलने पर महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों आरोपी भड़क गए और महेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके गले पर तलवार से वार किया, जबकि कमर पर चाकू से चार-पांच वार किए। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल महेंद्र सिंह को तत्काल पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी भूपेन्द्र सिंह उर्फ भूपसा सदर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में जानलेवा हमला, फायरिंग और मारपीट सहित कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस में दर्ज हुई FIR
इस मामले में महेंद्र सिंह की ओर से सदर थाने में भूपेन्द्र सिंह और लोकेन्द्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दी गई है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ