बीकानेर: इस जगह युवक पर जानलेवा हमला, बेहोशी की हालत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
बीकानेर: इस जगह युवक पर जानलेवा हमला, बेहोशी की हालत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र में शोभासर टोल प्लाजा के पास हमलावरों ने फरीदाबाद निवासी एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण युवक के सिर, छाती, दोनों हाथ और पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। वह पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में बेहोशी की हालत में भर्ती है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस संबंध में फरीदाबाद के एसजीएम नगर निवासी सरजीत ने बुधवार को बीछवाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उसका बड़ा भाई संजय बीते दिनों अपनी मौसी सुरेश (निवासी गंगाशहर) के घर आया हुआ था। 9 नवंबर की शाम करीब 7 से 9 बजे के बीच संजय छतरगढ़ की ओर से वापस गंगाशहर लौट रहा था। इसी दौरान शोभासर टोल प्लाजा के पास हमलावरों ने उसे घेरकर बेरहमी से मारपीट की और अधमरा कर सड़क पर ही छोड़ दिया। राहगीरों और टोल प्लाजा कर्मचारियों ने सड़क पर बेहोश पड़े संजय को देखा और उसे पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। उधर, संजय के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
अगले दिन ट्रॉमा सेंटर में तलाश करने पर संजय गंभीर हालत में भर्ती मिला। सूचना मिलने पर फरीदाबाद से बीकानेर पहुंचे भाई सरजीत ने अस्पताल में भाई की हालत देखी। परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में सोमी, रणजीत, आशा और एक अन्य के खिलाफ साजिश के तहत जान से मारने की नीयत से हमला करने का संदेह जताया है। बीछवाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई अब्दुल सतार को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ