दोस्ती की आड़ में जमीन हड़पने का आरोप,शराब ठेका लगाने के लिए लिए थे कागजात ,मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दोस्ती की आड़ में जमीन हड़पने का आरोप,शराब ठेका लगाने के लिए लिए थे कागजात ,मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के कालूबास क्षेत्र में दोस्ती की आड़ में धोखाधड़ी कर जमीन अपने नाम करवाने का मामला सामने आया है। परिवादी की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी दौलतराम घिंटाला को गिरफ्तार कर लिया है। अनुसंधान अधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि कालूबास निवासी ओमप्रकाश पुत्र तोलाराम तिवाड़ी ने इस्तगासे के जरिए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने दौलतराम पुत्र गोपालराम जाट, बाबूलाल पुत्र मोहनलाल, ओमप्रकाश पुत्र तोलाराम, रामचंद्र और सुशील सांसी पुत्र मोहनलाल सांसी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
परिवादी के अनुसार, वह मुख्य आरोपी दौलतराम जाट का पुराना दोस्त था। करीब 9 साल पहले दौलतराम ने शराब ठेके की लॉटरी में शामिल होने के लिए उससे फोटो और चेक लिए थे। परिवादी अधिक पढ़ा-लिखा नहीं है। उसने वर्ष 2019 में एक भूखंड खरीदा था, जिसमें दौलतराम गवाह भी बना था। आरोप है कि वर्ष 2024 में दौलतराम ने परिवादी के खिलाफ एनआई एक्ट के तहत न्यायालय में मामला दर्ज करवाया और उसमें 1.5 लाख रुपए के दो चेक लगाए। साथ ही भूखंड को फर्जी बंधक पत्र के जरिए अपने पास बंधक दिखाया।
परिवादी को बाद में पता चला कि आरोपी ने करीब 9 साल पुरानी फोटो और चेक का इस्तेमाल कर उसका भूखंड अपने नाम विक्रय करवा लिया। आरोप है कि इस प्रक्रिया में परिवादी की जगह किसी दूसरे व्यक्ति को खड़ा किया गया और फर्जी हस्ताक्षर भी करवाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी दौलतराम घिंटाला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ