मजदूरों ने काश्तकार पर चाकू से हमला किया, घायल का बीकानेर पीबीएम अस्पताल में इलाज चला
मजदूरों ने काश्तकार पर चाकू से हमला किया, घायल का बीकानेर पीबीएम अस्पताल में इलाज चला
बज्जू । बज्जू थाना क्षेत्र के माणकासर में फसल में पानी देने को लेकर हुए विवाद में एक काश्तकार पर चाकू से हमला किया गया। आरोप है कि खेत में काम करने वाले दो मजदूरों ने अपनी पत्नियों के साथ मिलकर उससे गाली-गलौच और मारपीट की। घायल को बज्जू अस्पताल से बीकानेर पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
बज्जू थानाधिकारी चंद्रजीतसिंह भाटी के अनुसार, हरियाणा के हिसार जिले के चौधरीवाली निवासी सुंदरसिंह पुत्र कृष्ण कुमार विश्नोई माणकासर के 57 आरडी में काश्तकार हैं। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि 29 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने खेत में काम करने वाले मजदूर कलवंत और उसकी पत्नी मीनाक्षी, निवासी जालवाली, फाजिल्का (पंजाब), तथा राकेश और उसकी पत्नी परमजीत कौर, निवासी श्रीगंगानगर को फसल में पानी देने के लिए कहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बात पर दोनों मजदूरों ने सुंदरसिंह से गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। इसी दौरान राकेश ने चाकू से सुंदरसिंह के पेट पर वार किया। इसके बाद राकेश और कलवंत चाकू फेंककर मौके से भाग गए।
घटना के बाद गोरधन और सुनील घायल को बज्जू सरकारी अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें बीकानेर पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के बाद सुंदरसिंह ने 12 नवंबर को बज्जू थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। जांच हेड कांस्टेबल धर्मवीर को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ