कार पर लाठी-सरियों से हमला तो दूसरे पक्ष ने गाड़ी से कुचलने के प्रयास का लगाया आरोप, क्रॉस मुकदमे दर्ज
कार पर लाठी-सरियों से हमला तो दूसरे पक्ष ने गाड़ी से कुचलने के प्रयास का लगाया आरोप, क्रॉस मुकदमे दर्ज
श्रीकोलायत। हदां थाना क्षेत्र के खारियाबास गांव में दीपावली की रात पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए हदां थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। एक पक्ष ने मौसी के घर जा रहे युवक की कार को ट्रैक्टर लगाकर रोकने, लाठी-सरियों और पत्थरों से हमला कर गाड़ी में तोडफ़ोड़ करने तथा जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष ने कैंपर गाड़ी से कुचलने का प्रयास करने, घर पर पथराव करने और गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौसी के घर जा रहे युवक की कार रोककर हमला करने का आरोप
पहले पक्ष की ओर से खारियाबास निवासी 22 वर्षीय सुभाष पुत्र बस्तीराम विश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 8 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे वह अपनी मौसी, मौसी के लडक़े सदासुख, दादी शांति और पिता बस्तीराम के साथ कार में सवार होकर मौसी के घर जा रहा था। इसी दौरान जम्भेश्वर मंदिर के पास रामनिवास, पाबूराम, अनिल, हरिकिशोर, हीराराम सहित तीन-चार अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर खड़े थे। आरोप है कि उन्होंने ट्रैक्टर आगे लगाकर कार का रास्ता रोक दिया और लाठी-सरियों व पत्थरों से हमला कर दिया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
परिवादी ने आरोप लगाया कि रामनिवास ने सरिये से उस पर वार किया, जबकि अनिल और हीराराम ने उसकी मौसी को कार से बाहर खींचने का प्रयास किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
दूसरे पक्ष ने कैंपर गाड़ी से कुचलने के प्रयास का लगाया आरोप
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से खारियाबास निवासी पाबूराम पुत्र भागीरथराम विश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 8 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे वह अपने परिवार के साथ दीपावली मना रहा था। इसी दौरान मांगीलाल, बस्तीराम, सुभाष सहित दो-तीन अन्य लोग कैंपर गाड़ी में सवार होकर उसके घर के बाहर पहुंचे। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी पुरानी चुनावी रंजिश रखते हैं और घर के बाहर पटाखे फोडऩे लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। पटाखों से पास में पड़े गाय के गोबर में आग लग गई।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने कैंपर गाड़ी तेज गति से उसके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। उसने मंदिर की ओट लेकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने घर पर पत्थर फेंके और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
पुलिस ने दोनों पक्षों के मुकदमे दर्ज कर शुरू की जांच
घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हदां थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। दूसरे पक्ष के मामले की जांच हेड कांस्टेबल बस्तीराम को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ