कलयुग: ऐसा क्या हुआ कि पिता को अपने बेटे के खिलाफ करवाया मामला, अज्ञात महिला पर गहने ले जाने का आरोप
कलयुग: ऐसा क्या हुआ कि पिता को अपने बेटे के खिलाफ करवाया मामला, अज्ञात महिला पर गहने ले जाने का आरोप
बीकानेर। सेरूणा थाना क्षेत्र में एक वृद्ध पिता ने अपने ही बेटे सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, बंधक बनाकर लूटपाट करने का गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादी प्रभूराम उम्र 70 वर्ष पुत्र ताजूराम जाट, निवासी सेरूणा ने कोर्ट में पेश इस्तगासे में बताया कि उसका पुत्र मनोज पिछले दो वर्षों से एक महिला के साथ बीकानेर में रह रहा है। आरोप है कि 16 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे मनोज तीन-चार अन्य व्यक्तियों और एक अज्ञात महिला के साथ बोलेरो में उसके घर पहुंचा। सभी ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की और उसे घर की छान में बंधक बना लिया।
परिवादी का आरोप है कि मनोज ने लाठी से मारपीट की, जबकि साथ आई महिला ने लकड़ी के डंडे से उसकी आंख पर वार किया, जिससे उसे चोट आई। इसी दौरान आरोपी घर में रखे संदूक का ताला तोडक़र पुत्रवधू और पत्नी के सोने-चांदी के आभूषण तथा दो लाख रुपये नकद निकाल ले गए। आरोप है कि जब वह किसी तरह बाहर निकला तो मनोज ने उसकी जेब से 13 हजार रुपये भी छीन लिए। शोर सुनकर उसकी पुत्रवधू मौके पर पहुंची तो आरोपी बोलेरो में सवार होकर फरार हो गए।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसने श्रीडूंगरगढ़ थाने और बाद में पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।
कोर्ट के आदेश पर सेरूणा थाना पुलिस ने मनोज पुत्र प्रभूराम, तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों और एक अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पूर्णमल को सौंपी गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ