बीकानेर के जयवर्धन सिंह बिदावत एवं हमजा खान का राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में चयन
खुलासा न्यूज,बीकानेर। बीकानेर के प्रतिभाशाली मुक्केबाज़ जयवर्धन सिंह बिदावत एवं हमजा खान ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 5वीं सब जूनियर (अंडर-15 वर्ष) राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए चयनित होकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। जयवर्धन सिंह बिदावत का चयन सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड तथा हमजा खान का चयन राजस्थान टीम में हुआ है।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 जून 2026 तक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर (पंजाब) में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के श्रेष्ठ युवा मुक्केबाज़ भाग ले रहे हैं।
जिला बॉक्सिंग संघ बीकानेर के सचिव योगेश शर्मा ने बताया कि दोनों खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन बीकानेर जिले के लिए अत्यंत गर्व एवं सम्मान का विषय है।
उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे दोनों खिलाडिय़ों के प्रशिक्षक राजेन्द्र सिंह राठौड़ की अथक मेहनत, तकनीकी प्रशिक्षण एवं निरंतर मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राठौड़ के निर्देशन में दोनों खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर अपनी तकनीक और प्रदर्शन में निरंतर सुधार कर रहे हैं। यही कारण है कि वे आज राष्ट्रीय स्तर पर बीकानेर का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।
जयवर्धन सिंह बिदावत एवं हमजा खान के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन की सूचना मिलते ही जिले के खेल जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई। खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने इस उपलब्धि को बीकानेर बॉक्सिंग के लिए एक बड़ी सफलता बताया।
इस अवसर पर राजस्थान बॉक्सिंग संघ के सचिव नरेन्द्र कुमार निर्वाण, अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय रेफरी विशाल कुमार निर्वाण, कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार व्यास, सचिव सी.ए. जितेन्द्र सिंह राठौड़, कुश्ती संघ के जगन पुनिया, ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक प्रदीप सिंह शेखावत, पूर्व राष्ट्रीय बास्केटबॉल कप्तान दानवीर सिंह भाटी, कोच विजेन्द्र रंगा, कोच जावेद, मक़बूल हुसैन सोढ़ा, भैरूरतन ओझा, दिलकान्त सिंह माचरा, शीशपाल सिंह शेखावत, भूपेश सिंह राठौड़, पूरन सिंह राठौड़, दिलीप सिंह माचरा सहित अनेक खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाडिय़ों एवं उनके प्रशिक्षक राजेन्द्र सिंह राठौड़ को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन एवं पदक जीतकर लौटने की शुभकामनाएँ दी हैं।
बीकानेर के खेल प्रेमियों को विश्वास है कि जयवर्धन सिंह बिदावत एवं हमजा खान राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले, राजस्थान एवं अपने संस्थान का नाम देशभर में रोशन करेंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ