इंस्टाग्राम पर टॉय कार ली, लगा 1.10 लाख का फटका, रेंज में 37 प्रतिशत बढ़ी ठगी
इंस्टाग्राम पर टॉय कार ली, लगा 1.10 लाख का फटका, रेंज में 37 प्रतिशत बढ़ी ठगी
बीकानेर सोशल मीडिया पर ऑनलाइन शॉपिंग करना जिले के पांचू थाना क्षेत्र के कक्कू गांव निवासी एक युवक को भारी पड़ गया। बच्चों के लिए खिलौने वाली गाड़ी खरीदने के चक्कर में साइबर ठगों ने युवक को झांसे में लेकर करीब 1.10 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पांचू में ग्राम कक्कू निवासी 29 वर्षीय नारायणराम पुलिस को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 20 सितंबर को उसने इंस्टाग्राम पर बच्चों के खिलौनों की गाड़ी का एड देखा था।
गाड़ी खरीदने के लिए उसने इंस्टाग्राम पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। कॉल पर मौजूद अज्ञात ठग ने उसे अपनी बातों के जाल में फंसा लिया और अलग-अलग यूपीआई आईडी के माध्यम से कुल 1,10,898 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीडि़त ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। साइबर पुलिस थाना जयपुर से एक जीरो नंबरी एफआईआर पांचू पुलिस थाने को प्राप्त हुई। पीडि़त नारायणराम ने पांचू थाने पहुंचकर विधिवत रिपोर्ट दर्ज कराई। पांचू थाना एसएचओ ईश्वरप्रसाद जांगिड़ ने बताया कि परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब ट्रांजेक्शन आईडी (यूटीआर नंबर) और संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर ठगों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
बीकानेर रेंज में 3 साल में 45 हजार ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज
डिजिटल क्रांति की रफ्तार के साथ ही बीकानेर रेंज में साइबर अपराधियों का नेटवर्क भी बेकाबू होता जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में साइबर ठगी की घटनाओं में सीधे तौर पर 37 प्रतिशत का बड़ा इजाफा दर्ज किया गया है। इसके बावजूद साइबर पुलिस थाने में ना तो एक्सपर्ट हैं और ना ही गिरफ्तार मुल्जिमों को रखने के लिए बैरक। यहां तक कि पूरा थाना उधार के दो कमरों में चल रहा है। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज आंकड़ों का विश्लेषण बताता है कि रेंज में वर्ष, 2024 से 2026 के बीच करीब 45 हजार (44,982) लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार होकर मदद की गुहार लगाने पहुंचे, जिनसे जालसाजों ने 18 करोड़ 94 लाख 5 हजार 394 रुपये ठग लिए। हालांकि, पुलिस ने इनमें से 4 करोड़ 14 लाख 92 हजार 171 रुपये की राशि अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड (ब्लॉक) कराकर पीडि़तों को राहत भी दी है। हेल्पलाइन 1930 के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में रेंज में साइबर ठगी की 12,624 शिकायतें दर्ज हुई थीं। तीन साल में शिकायतों की संख्या में यह 37 फीसदी की बढ़ोतरी पुलिस और आमजन दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ